रायपुर , अक्टूबर 18 -- छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में अगले चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बालोद, धमतरी और गरियाबंद समेत 10 जिलों में हल्की बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि राजधानी रायपुर में फिलहाल तेज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार नमी का प्रवेश हो रहा है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर बादल छाने और हल्की वर्षा होने के आसार हैं। आगामी चार दिनों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

इस बीच शनिवार को प्रदेश के कई स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। जशपुर जिले के पत्थलगांव और कुनकुरी में सर्वाधिक 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से क्रमशः 1.6 डिग्री और 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित