रायपुर , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दो नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार ने जिला स्तरीय समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों के नाम निर्धारित कर दिए हैं। इन आयोजनों में केंद्रीय राज्य मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' निर्धारित की गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, सभी जिला प्रशासन को संबंधित मुख्य अतिथियों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
जारी सूची के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा राज्योत्सव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन तथा जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल को मुख्य अतिथि बनाया गया है।
इसी प्रकार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में दयालदास बघेल, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा, राजनांदगांव में गजेंद्र यादव और बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
राज्योत्सव के जिला स्तरीय आयोजनों में सांसदों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज और महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अतिरिक्त सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेंद्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विधायकों को भी विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले समारोहों का मुख्य अतिथि नियुक्त किया गया है। कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े, मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चंद्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह तथा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल समारोह की अध्यक्षता मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। वहीं कोंडागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में किरण देव मुख्य अतिथि होंगे।
राज्य शासन ने स्थापना दिवस के अवसर पर एक से तीन नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों के शासकीय भवनों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए हैं। भवनों की साज-सज्जा और विद्युत व्यवस्था पर होने वाला व्यय संबंधित विभाग अपने उपलब्ध बजट से वहन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित