रायगढ़ , अप्रैल 23 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा वन परिक्षेत्र में एक हाथी के बच्चे का शव जंगल में मिला। गुरुवार सुबह हाथी मित्र दल के सदस्य जब क्षेत्र में हाथियों की ट्रैकिंग कर रहे थे, तभी उन्होंने कक्ष क्रमांक 176 आरएफ में एक शावक का शव देखा और इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग के एसडीओ, रेंजर सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में शावक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। इसके बाद नियमानुसार पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

वन विभाग के अनुसार, मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाने पर शावक के सैंपल को विस्तृत जांच के लिए बरेली स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा रेंज में इन दिनों 13 हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है, जिसमें चार-पांच शावक भी शामिल हैं। मृत शावक इसी दल का सबसे छोटा सदस्य बताया जा रहा है, जिसकी उम्र लगभग एक माह से कम आंकी गई है।

इस संबंध में लैलूंगा सबडिविजन के एसडीओ एमएल सिदार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। प्रथम दृष्टया किसी संक्रमण की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित