रायपुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। रविवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग के अनुसार,अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने 16 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज के साथ बिजली चमकने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम अधिकांशतः शुष्क बना रहा। इस अवधि में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इस बीच मौसम विभाग ने जशपुर जिले के लिए सुबह सात बजकर 19 मिनट से 10 बजकर 19 मिनट तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में जिले में गरज के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित