धमतरी , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर से जुड़ा वायरल वीडियो का विवाद अब न्यायालय पहुंच गया है।

भाजपा विधायक चंद्राकर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और लोकगायिका एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ जिला सत्र न्यायालय में मानहानि की याचिका दायर की है।

यह मामला स्वतंत्रता दिवस के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित उस वीडियो से जुड़ा है, जिसमें श्री चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते दिखाई दे रहे थे। वीडियो को इस दावे के साथ प्रसारित किया गया था कि यह 15 अगस्त 2026 का है और स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के स्थान पर भाजपा का झंडा फहराया गया।

श्री चंद्राकर का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया वीडियो स्वतंत्रता दिवस का नहीं, बल्कि भाजपा के एक पुराने प्रशिक्षण कार्यक्रम का था। उनका आरोप है कि पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर प्रसारित किए जाने से उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसी आधार पर उन्होंने सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि का दावा पेश किया है।

पुलिस के अनुसार संबंधित मूल वीडियो 22 मार्च 2026 को कुरूद स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बनाया गया था, जिसमें भाजपा का झंडा फहराया गया था। आरोप है कि बाद में इसी वीडियो को डाउनलोड और एडिट कर स्वतंत्रता दिवस से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

इस मामले में धमतरी पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (35) को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया था। दोनों सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम जिल्दी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान वीडियो एडिट करने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने से संबंधित डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

विवादित वीडियो को लेकर रायपुर के सिविल लाइन थाने में सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

इससे पहले वीडियो की पड़ताल में भी सामने आया था कि संबंधित दृश्य 15 अगस्त 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह के नहीं, बल्कि 22 मार्च 2026 को कुरूद में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम के थे।

अब श्री चंद्राकर की ओर से मानहानि याचिका दायर किए जाने के बाद वायरल वीडियो से जुड़ा विवाद आपराधिक जांच के साथ न्यायिक स्तर पर भी पहुंच गया है। मामले में न्यायालय की आगामी कार्यवाही पर नजर रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित