रायपुर , जुलाई 01 -- छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य के नगरीय निकायों को महापौर, अध्यक्ष एवं पार्षद निधि के तहत कुल 104 करोड़ 54 लाख 25 हजार रुपये जारी किए हैं। यह राशि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद बुधवार को यह निधि जारी की गई।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, श्री साव ने नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि इन निधियों का प्रभावी उपयोग करते हुए शहरी क्षेत्रों में मूलभूत विकास कार्यों को गति दी जाए तथा योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समुचित रूप से पहुंचाया जाए।

विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगमों में महापौर निधि तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में अध्यक्ष निधि की 50-50 प्रतिशत प्रथम किस्त के रूप में कुल 31 करोड़ 16 लाख 25 हजार रुपये जारी किए हैं। इसके अतिरिक्त नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के पार्षदों के लिए पार्षद निधि की प्रथम किस्त के रूप में 73 करोड़ 38 लाख रुपये भी जारी किए गए हैं।

जारी राशि में 14 नगर निगमों के लिए महापौर निधि के 10 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये, 57 नगर पालिकाओं के लिए अध्यक्ष निधि के 11 करोड़ छह लाख 25 हजार रुपये तथा 121 नगर पंचायतों के लिए अध्यक्ष निधि के नौ करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये शामिल हैं।

इसी प्रकार पार्षद निधि की प्रथम किस्त के तहत नगर निगमों को 21 करोड़ 84 लाख रुपये, नगर पालिकाओं को 24 करोड़ 34 लाख 50 हजार रुपये तथा नगर पंचायतों को 27 करोड़ 19 लाख 50 हजार रुपये जारी किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित