रायपुर , जनवरी 30 -- ) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान वे रायपुर, दुर्ग और नया रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे और राज्य सरकार के साथ कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री चौहान 31 जनवरी की सुबह 6.55 बजे दिल्ली से रायपुर के लिए रवाना होंगे और सुबह 8.45 बजे रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे गांवों की ओर रवाना होंगे।

वह सुबह 10 बजे रायपुर से गिरहोला-खपरी (जिला दुर्ग) के लिए प्रस्थान कर लगभग 11 बजे ग्राम गिरहोला पहुंचेंगे। यहां 11 बजे से 12 बजे तक गिरहोला और खपरी गांवों में खेत भ्रमण और पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे किसानों से संवाद कर फसलों की स्थिति, नवाचार और केंद्र सरकार की प्रमुख कृषि योजनाओं पर चर्चा करेंगे।

श्री चौहान अपराह्न 12.30 बजे दुर्ग जिले के कुम्हारी पहुंचकर छत्तीसगढ़ यूथ प्रोग्रेसिव फार्मर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित किसान मेले में शामिल होंगे। यहां वे आधुनिक कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण, एफपीओ, डिजिटल एग्रीकल्चर और किसानों की आय बढ़ाने की रणनीतियों पर अपने विचार रखेंगे।

वह किसान संवाद के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, डिजिटल कृषि मिशन, प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी योजनाओं के प्रभाव और लाभों पर चर्चा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री अपराह्न दो बजे कुम्हारी से नया रायपुर के लिए रवाना होकर लगभग तीन बजे महानदी भवन पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शाम पांच बजे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी केंद्रीय और राज्य योजनाओं की प्रगति, सड़क, आवास, महिला स्व-सहायता समूह, बीज-खाद उपलब्धता, कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े विषयों की समीक्षा की जाएगी।

यह दौरा छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास को नयी दिशा देने, किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने और केंद्र-राज्य समन्वय के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित