कंधमाल (ओडिशा)/बस्तर , फरवरी 25 -- सुरक्षा बलों ने ओडिशा के कंधमाल जिले में एक संयुक्त अभियान के दौरान दो माओवादियों जग्येश और रत्ना को मार गिराया है। मारे गये ईनामी दोनों माओवादी छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिले के रहवासी थे। पुलिस ने माओवादियों के विरुद्ध यह अभियान 22 फरवरी को शुरू किया था।

सुरक्षा बलों ने बुधवार को मुठभेड़ में मिली सफलता की जानकारी दी। मुठभेड़ के बाद मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (नक्सल-विरोधी अभियान) संजीब पांडा ने बताया कि यह अभियान संयुक्त रूप से चलाया गया था। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद जब सुरक्षा बलों ने इलाके की तलाशी ली, तो दो माओवादियों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान जग्येश और रत्ना के रूप में हुई है।

नक्सल-विरोधी अभियान के अधिकारी के अनुसार, मृतक जग्येश छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का निवासी था और माओवादी पलटन में डिप्टी पलटन कमांडर के पद पर था। उसके सिर पर 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, दूसरा माओवादी रत्ना राज्य के बीजापुर जिले का रहने वाला था और पार्टी का सदस्य था। उस पर 1.65 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों माओवादी 11 से अधिक माओवादी घटनाओं में शामिल रहे थे।

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने एक एके-47 राइफल, छह यूबीजीएल ग्रेनेड, एक एसएलआर राइफल के अलावा भारी मात्रा में दवाइयां और गोला-बारूद बरामद किया है। यह अभियान क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा था। बरामद हथियारों से माओवादियों की ताकत और उनके इरादों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

यह घटना कंधमाल जिले के जंगलों में हुई, जहां माओवादी संगठन की उपस्थिति पिछले कुछ समय से बनी हुई थी। सुरक्षा बलों को इस क्षेत्र में माओवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह संयुक्त अभियान शुरू किया गया। अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें दोनों माओवादी मारे गए।

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और आसपास के जंगलों में अन्य माओवादियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा बलों ने इस क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। यह अभियान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित