रायपुर , अक्टूबर 20 -- छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी के प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय को उत्कृष्ट अभिनय और सारंगढ़ के घनश्याम साहू को विशिष्ट नाट्य लेखन एवं छत्तीसगढ़ी फिल्मों में प्रभावशाली पटकथा लेखन के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज दोनों कलाकारों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश की कला और संस्कृति के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुदूर वनांचलों और छोटे कस्बों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दोनों कलाकारों की उपलब्धि युवा पीढ़ी, रंगकर्मियों, साहित्यकारों और सिनेमा से जुड़े रचनाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

जशपुर में रंगमंच की परंपरा को आगे बढ़ाने और अभिनय के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले डॉ. आनन्द पाण्डेय को उत्कृष्ट अभिनय के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है। उनकी उपलब्धि से जशपुर सहित सरगुजा अंचल के रंगमंच से जुड़े कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा। यह सम्मान दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में मौजूद कला प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलने का भी उदाहरण है।

सारंगढ़ के घनश्याम साहू को विशिष्ट नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में प्रभावशाली पटकथा लेखन के लिए सम्मानित किया गया है। उनके योगदान को प्रदेश की साहित्यिक, नाट्य और सिनेमाई रचनात्मकता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नाट्य और पटकथा लेखन के माध्यम से सामाजिक जीवन, संवेदनाओं और स्थानीय संस्कृति को अभिव्यक्ति देने वाले रचनाकारों के लिए यह सम्मान उत्साहवर्धक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित