रायपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाओं को मजबूत करने के लिए तीन जिलों में छह परियोजना-सह-संसाधन केंद्रों के भवन निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार इन भवनों के निर्माण के लिए राज्य शासन ने कुल 2 करोड़ 70 लाख 90 हजार रुपये मंजूर किए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम किस्त के रूप में 67 लाख 72 हजार 500 रुपये जारी करने की सहमति भी दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ संचालित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से इन छह भवनों के निर्माण को मंजूरी मिली है।
स्वीकृत भवन सूरजपुर जिले के भैयाथान और ओड़गी, रायगढ़ जिले के तमनार तथा बीजापुर जिले के बीजापुर, उसूर और भोपालपटनम में बनाए जाएंगे। प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 45 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, विकास तथा उनके अधिकारों के संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का संचालन करता है। परियोजना-सह-संसाधन केंद्र इन योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन, विभागीय अमले के समन्वय और सेवाओं की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नए भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और हितग्राहियों से संबंधित कार्यों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित