राजनांदगांव , अक्टूबर 10 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शारदीय नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले के दौरान 1100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ प्रमुख मार्गों, मंदिर परिसरों और वाहन पार्किंग स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। नवरात्रि मेले के दौरान 30 राजपत्रित अधिकारी, 50 निरीक्षक स्तर के अधिकारी और 1100 से अधिक पुलिस जवान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

रात्रि के समय पैदल डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत पदयात्रियों को 20 हजार रेडियम स्टिकर वितरित किए जाएंगे, ताकि अंधेरे में वाहन चालकों को उनकी मौजूदगी का पता चल सके और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अंजोरा बायपास, तुमड़ीबोड़ तथा चिचोला-बिराटलाब-खैरागढ़ सहित प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। आवश्यकता के अनुसार वाहनों के मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था भी लागू की जाएगी। वहीं, डोंगरगढ़ के सभी निर्धारित पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के माध्यम से निगरानी की जाएगी।

मां बम्लेश्वरी मंदिर के अलावा जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों मां शीतला मंदिर, मां पायल भैरवी मंदिर और मां करेला भवानी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अधिक नकदी और कीमती आभूषण साथ नहीं लाने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा बच्चों के पास परिजनों का संपर्क नंबर रखने की अपील की है। वाहन चालकों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं।

किसी भी आपात स्थिति अथवा असुविधा की स्थिति में श्रद्धालु राजनांदगांव पुलिस नियंत्रण कक्ष या डोंगरगढ़ स्थित शिरपानी डोम तथा ऊपर और नीचे मंदिर परिसर में स्थापित पुलिस सहायता केंद्रों से संपर्क कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित