रायपुर , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश अन्य क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बने रह सकता है। हालांकि, आगामी दो दिनों के दौरान राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण बादल छाने और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है लेकिन दोपहर अथवा शाम के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
इससे पहले गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था।
प्रदेश के विभिन्न मौसम केंद्रों पर दर्ज तापमान के अनुसार, गुरुवार को पेंड्रा रोड सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना हवाई अड्डे पर अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित