बलौदाबाजार , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम मंदिर परिसर में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से परिसर में स्थित 10 से अधिक दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे ट्रांसफार्मर पर बंदर के कूदने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण दुकानों में रखा सामान, कपड़े, प्रसाद सामग्री सहित अन्य व्यापारिक वस्तुएं जलकर राख हो गईं। घटना में ट्रांसफार्मर से झुलसकर बंदर की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही दो दमकल की टीम, गिरौदपुरी चौकी प्रभारी एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों और दुकानदारों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंची लेकिन वाहन में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण आग बुझाने में देरी हुई। बाद में स्थानीय लोगों और दुकानदारों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित