रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ में ठोस व तरल अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन, नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य तथा शहरों की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार लाने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नई पहल 'छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग' शुरू की है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को रायपुर में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में इसका शुभारंभ किया। इसके शुभारंभ के साथ ही राज्य शासन ने शहरों में स्वच्छता के नियमित मूल्यांकन हेतु छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग के क्रियान्वयन के लिए सभी नगरीय निकायों को बुधवार को परिपत्र जारी किया।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मंत्रालय से सभी नगर निगमों के आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आज जारी परिपत्र में कहा है कि राज्य शासन द्वारा सभी नगरीय निकायों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने सतत् प्रयास किए जा रहे हैं। इस हेतु सतत् सफाई व्यवस्था एवं ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन के प्रस्तुत दावों के मूल्यांकन एवं सत्यापन के लिए "छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग 2025-26" के अंतर्गत निकायों में सर्वेक्षण प्रारंभ किया जा रहा है।

परिपत्र में बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा पिछले वर्ष 12 अगस्त को बिलासपुर में आयोजित स्वच्छता समागम समारोह में राज्य में "छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग 2025-26" शुरू करने की घोषणा की गई थी।

"छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग 2025-26" में सर्वेक्षण एवं मूल्यांकन कार्य के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया को अधिकृत किया गया है। एजेंसी द्वारा इस साल पांच जनवरी को नियुक्त मूल्यांकनकर्ता नगरीय निकायों का स्थल निरीक्षण प्रारंभ करेंगे, स्वच्छता के लिए मौजूदा सुविधाओं का अवलोकन करेंगे तथा आवश्यक दस्तावेजी प्रमाण एकत्रित करेंगे। संपूर्ण मूल्यांकन प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल, जारी दिशा-निर्देशों एवं जारी टूलकिट के अनुरूप क्रियान्वित की जाएगी।

नगरीय प्रशासन विभाग ने सर्वेक्षण अंतर्गत प्रस्तावित स्थल निरीक्षण के प्रभावी संचालन के लिए सभी नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में सभी हितधारकों नागरिकों, स्वच्छता कर्मियों, पर्यवेक्षकों, अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं प्रबंधकों को सर्वेक्षण के पहले ही अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने सभी सक्षम प्राधिकारियों को अपने-अपने निकायों में सर्वेक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है जिससे मूल्यांकन कार्य सरल, पारदर्शी एवं निर्बाध रूप से संपादित हो सके। विभाग ने स्वच्छता लीग के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही नगरीय निकायों को राज्य स्तरीय सर्वेक्षण के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित