रायपुर , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ की दो छात्राओं रागनी साहू और महिमा राजपूत का अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन 'मिशन शक्तिसैट' के लिए राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में चयन हुआ है। मिशन के लिए देशभर से 20 प्रतिभागियों का चयन हुआ है।
महासमुंद जिले के शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी साहू ने वर्ष 2025 में अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से मिशन में पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने लगभग 120 घंटे के ऑनलाइन प्रशिक्षण में 21 मॉड्यूल तथा 550 से अधिक अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट, नवाचार, इंजीनियरिंग और नेतृत्व से जुड़े पाठ्यक्रम पूरे किए। तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्हें राष्ट्रीय फाइनलिस्ट चुना गया।
वहीं, शासकीय आदर्श उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय , तिलकनगर, रायपुर की छात्रा महिमा राजपूत का भी राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में चयन हुआ है। उनके पिता कीर्ति सिंह राजनांदगांव स्थित आईबी ग्रुप में कार्यरत हैं।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने महिमा से मुलाकात कर उन्हें प्रेरक पुस्तक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया, जबकि आईबी ग्रुप के प्रबंध निदेशक बहादुर अली ने भी उन्हें बधाई दी।
मिशन शक्तिसैट एक अंतरराष्ट्रीय महिला-नेतृत्व वाला चंद्र मिशन है, जिसमें 108 देशों की छात्राएं भाग ले रही हैं। भारत से चयनित 20 राष्ट्रीय फाइनलिस्ट अगस्त में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को सैटेलाइट डिजाइन, पेलोड विकास, स्पेस साइंस, इंजीनियरिंग, नवाचार और नेतृत्व का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्हें इसरो, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला तथा विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों से संवाद का अवसर भी मिलेगा।
मिशन के तहत विकसित दो उपग्रहों का प्रक्षेपण अक्टूबर 2026 में श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रस्तावित है। इनमें एक उपग्रह को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरे को चंद्रमा की सतह पर उतरने के उद्देश्य से विकसित किया जाएगा।
महासमुंद में जिला कलेक्टर विनय लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन तथा जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने रागनी साहू को बधाई देते हुए विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. सिन्हा तथा अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी एवं भौतिकी व्याख्याता चंद्रशेखर मिथलेश के मार्गदर्शन की सराहना की।
रायपुर में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि महिमा की उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायी है और इससे विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्राओं का उत्साह बढ़ेगा। महिमा ने अपनी सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित