सूरजपुर , अक्टूबर 13 -- छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गई हैं। उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर अज्ञात साइबर ठग उनके संपर्क में मौजूद लोगों को संदेश भेजकर 32 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साइबर ठग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के व्हाट्सएप अकाउंट का दुरुपयोग कर उनके परिचितों को आर्थिक सहायता के नाम पर संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में लिखा है, "एक छोटी सी हेल्प चाहिए, मेरा यूपीआई ब्लॉक हो गया है, अर्जेन्ट है, 32000 रुपए चाहिए." इसके साथ ही भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड भी भेजा जा रहा है, ताकि संदेश प्राप्त करने वाले लोग ऑनलाइन राशि हस्तांतरित कर दें।
बताया गया है कि मंगलवार सुबह मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सूरजपुर में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बाइक रैली में व्यस्त थीं। इसी दौरान उनके व्हाट्सएप अकाउंट से परिचितों को रुपये मांगने संबंधी संदिग्ध संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया।
घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री राजवाड़े ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी साझा कर व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की सूचना दी। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि उनके व्हाट्सएप अकाउंट से किसी प्रकार की धनराशि मांगी जाती है तो उस पर भरोसा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और ऐसे संदेशों को गंभीरता से लेने की अपील की है।
मंत्री के नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर की जा रही इस धोखाधड़ी की कोशिश से उनके परिचितों में चिंता बढ़ गई है। शिकायत सामने आने के बाद साइबर सेल ने प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मंत्री का व्हाट्सएप अकाउंट किस प्रकार हैक किया गया और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है।
फिलहाल पुलिस साइबर ठगों की पहचान करने तथा उनके द्वारा भेजे गए संदेशों और भुगतान के लिए इस्तेमाल किए जा रहे क्यूआर कोड की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित