सूरजपुर , अक्टूबर 13 -- छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप अकाउंट कथित तौर पर हैक कर साइबर ठग उनके संपर्क में मौजूद लोगों से 32 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। मामला सामने आने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइबर ठग सुश्री राजवाड़े के व्हाट्सएप अकाउंट का दुरुपयोग कर उनके परिचितों को आर्थिक सहायता के नाम पर संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में लिखा है, "एक छोटी सी हेल्प चाहिए, मेरा यूपीआई ब्लॉक हो गया है, अर्जेन्ट है, 32000 रुपए चाहिए।" इसके साथ ही भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड भी भेजा जा रहा है, ताकि संदेश प्राप्त करने वाले लोग ऑनलाइन राशि हस्तांतरित कर दें।

मंगलवार सुबह मंत्री राजवाड़े सूरजपुर में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित मोटरसाइकिल रैली में व्यस्त थीं। इसी दौरान उनके व्हाट्सएप अकाउंट से परिचितों को रुपये मांगने संबंधी संदिग्ध संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया।

घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी साझा कर व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की सूचना दी। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि उनके व्हाट्सएप अकाउंट से किसी प्रकार की धनराशि मांगी जाती है तो उस पर भरोसा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और ऐसे संदेशों को गंभीरता से लेने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित