रायपुर , मार्च 11 -- ) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित सीनियर महिला इंटर जोनल मल्टी डे ट्रॉफी 2025-26 के लिए सेंट्रल जोन टीम में छत्तीसगढ़ की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ से जुड़ी खिलाड़ी कृति गुप्ता और महक नरवसे को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए सेंट्रल जोन टीम में शामिल किया गया है।
यह बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट 20 मार्च 2026 से पुदुचेकी में शुरू होगा, जिसमें देश के विभिन्न जोनों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में सेंट्रल जोन के साथ-साथ ईस्ट जोन, नॉर्थ जोन, साउथ जोन, नॉर्थ ईस्ट जोन और वेस्ट जोन की टीमें भी मैदान में उतरेंगी।
टूर्नामेंट के पहले चरण में सेंट्रल जोन टीम 20 से 22 मार्च तक वेस्ट जोन के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 26 से 28 मार्च के बीच सेमीफाइनल मैच आयोजित किए जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 1 से 3 अप्रैल 2026 तक खेला जाएगा।
छत्तीसगढ़ की दो खिलाड़ियों को सेंट्रल जोन टीम में स्थान मिलने से राज्य के क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों और क्रिकेट विशेषज्ञों को दोनों खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित