बिलासपुर , अगस्त 10 -- छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर बिलासपुर के लोक श्रृंगार भारती गेड़ी लोक नृत्य दल को मिला है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित 'एट होम' कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किए गए दल के कलाकार सोमवार को संपर्क क्रांति से नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।

संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मिले विशेष आमंत्रण के बाद लोक श्रृंगार भारती के कलाकार राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गेड़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगे। दल का नेतृत्व लोक श्रृंगार भारती के अध्यक्ष अनिल कुमार गढ़ेवाल करेंगे।

दल के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में गेड़ी नृत्य प्रस्तुत करेंगे। 15 और 16 अगस्त को प्रस्तावित प्रस्तुतियों के दौरान विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष छत्तीसगढ़ की लोक कला और सांस्कृतिक परंपरा की झलक प्रस्तुत करने का अवसर कलाकारों को मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित