रायपुर , नवंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार से नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव-2026 का शुभारंभ होने जा रहा है। 'सशक्त नारी-युवा उड़ान' थीम पर आयोजित इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों और भारतीय वायुसेना के रोमांचक हवाई करतबों का आयोजन किया जाएगा। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया शामिल होंगे, जबकि तीन दिवसीय आयोजन के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति प्रस्तावित है। आयोजन को लेकर नवा रायपुर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कारीगरों ने समारोह स्थल को आकर्षक स्वरूप दिया है। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा प्रदर्शित की जाएगी।

आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने राज्योत्सव स्थल तक पहुंचने के लिए 6 अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं। वहीं, करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शकों को आयोजन परिसर में प्रवेश देने के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिससे भीड़ के दबाव को नियंत्रित करते हुए आवागमन सुचारु रखा जा सके।

समारोह स्थल पर जनसुविधाओं के विस्तार के तहत 300 शौचालय स्थापित किए गए हैं। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए 20 बेड का अस्पताल, आईसीयू और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। अग्निशमन वाहनों की तैनाती के साथ ही पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दर्शकों के बैठने के लिए विशाल डोम तैयार किया गया है, जबकि कार्यक्रमों का प्रसारण देखने के लिए करीब 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।

राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में भारतीय वायुसेना का एयर शो भी शामिल रहेगा। एक और 2 नवंबर को प्रस्तावित इस प्रदर्शन में वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने हवाई कौशल का प्रदर्शन करेंगी। सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर रायपुर में अभ्यास कर चुके हैं। सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाले एयर शो में नौ विमानों के माध्यम से करीब 40 मिनट तक विभिन्न फॉर्मेशन और हवाई करतब प्रस्तुत किए जाएंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बॉलीवुड पार्श्वगायिका पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन में प्रदेश की लोकसंस्कृति के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों की कलात्मक विविधता भी देखने को मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित