रायपुर , जुलाई 21 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पीसीसी) के पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संगठन में संभावित बदलाव की चर्चाओं के बीच कई वरिष्ठ आदिवासी नेता दिल्ली पहुंचे हैं और पार्टी हाईकमान से मुलाकातों का दौर जारी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आदिवासी चेहरे को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में कई वरिष्ठ आदिवासी नेताओं की दिल्ली में मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पार्टी के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता अरविंद नेताम, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, विधायक लखेश्वर बघेल तथा विधायक जनक ध्रुव के नाम चर्चा में हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से अब तक किसी भी नाम पर आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

यह भी कहना है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर जारी मंथन के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, आबकारी घोटाला मामले में जमानत पर बाहर आए वरिष्ठ आदिवासी नेता कवासी लखमा, विधायक जनक ध्रुव समेत कई आदिवासी नेता इन दिनों दिल्ली में हैं।

पार्टी सूत्रों ने कहा, "कांग्रेस आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव कर सकती है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।"उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में दिल्ली में नेताओं की बढ़ी सक्रियता को संगठनात्मक पुनर्गठन की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि "अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा।"फिलहाल कांग्रेस संगठन की ओर से किसी भी बदलाव की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन दिल्ली में बढ़ी राजनीतिक गतिविधियों ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित