रायपुर , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर जारी चर्चाओं के बीच शुक्रवार रात राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने आज रायपुर के एक निजी होटल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के सम्मान में रात्रिभोज (कर्टसी डिनर) का आयोजन किया है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक तथा संगठन के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
कांग्रेस के अनुसार यह आयोजन राज्यसभा सदस्य बनने के बाद श्रीमती नेताम की ओर से किया जा रहा जिसे औपचारिक कर्टसी डिनर बताया जा रहा है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में इसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की संभावित दावेदारों में श्रीमती नेताम का नाम भी चर्चा में होने के कारण इस आयोजन ने राजनीतिक महत्व प्राप्त कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 12 जुलाई को अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं। कांग्रेस संगठन में सामान्यतः प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष माना जाता है। ऐसे में यह चर्चा तेज है कि आगामी विधानसभा चुनाव तक पार्टी नेतृत्व श्री बैज पर ही भरोसा कायम रखेगा अथवा संगठन की कमान किसी नए चेहरे को सौंपी जाएगी।
श्री बैज समर्थकों का कहना है कि विधानसभा चुनाव तक उन्हें ही प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखा जा सकता है। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में राजनीतिक चर्चाओं में शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित