रायपुर , सितंबर 04 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने शक्कर सहित खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में शुक्रवार को प्रदेशभर में 'चीनी सत्याग्रह' किया। पार्टी के आह्वान पर विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर महंगाई के लिए केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और करों के बोझ के कारण आम जनता महंगाई से परेशान है। शक्कर, खाद्य तेल और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से आम आदमी की रसोई और मध्यम वर्ग का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है।

श्री बैज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शक्कर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के मुद्दे पर जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में 'चीनी सत्याग्रह' आयोजित किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगे भी महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित