रायपुर , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ में तीन विद्युत कंपनियों में विभिन्न संवर्गों के 1,501 रिक्त पदों पर भर्ती का रास्ता खुल गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य ऊर्जा कंपनियों ने 38 प्रकार के पदों के लिए विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया छह नवंबर 2026 की रात आठ बजे से शुरू हो गयी, जो 26 नवंबर की रात 11.55 बजे तक जारी रहेगी।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पारेषण कंपनी की ओर से पांच नवंबर को जारी विस्तृत विज्ञापन के अनुसार, यह भर्ती छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं वितरण कंपनी में की जाएगी। कुल स्वीकृत रिक्तियों में द्वितीय श्रेणी के 195 तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन की सुविधा पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट एचटीटीपीएस://सीएसपीसी.सीओ.इन पर उपलब्ध कराई गई है।

भर्ती प्रक्रिया में डाटा एंट्री ऑपरेटर के सर्वाधिक 609 पद रखे गए हैं। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं। इसी प्रकार कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पदों में जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद निर्धारित किए गए हैं।

तकनीकी एवं अधिकारी संवर्ग में सहायक अभियंता के विभिन्न पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त दमकल अधिकारी के एक, सुरक्षा अधिकारी के तीन, शिफ्ट केमिस्ट के छह और प्रोग्रामर के तीन पदों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कनिष्ठ अभियंता के अन्य तकनीकी विषयों में मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के नौ, कंप्यूटर साइंस के एक, सूचना प्रौद्योगिकी के एक तथा सिविल के 26 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।

विद्युत कंपनियों में सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था से संबंधित पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है। इनमें सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा निरीक्षक के 10, सुरक्षा उप निरीक्षक के 19 और फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पद हैं।

इसी तरह अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III के अंतर्गत विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इनमें फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पद शामिल हैं।

गैर-तकनीकी एवं चिकित्सा संवर्ग में भी अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक विधि अधिकारी के 8 और सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8 पद निर्धारित किए गए हैं।

कार्यालयीन संवर्ग में स्टेनोग्राफर ग्रेड-III अंग्रेजी के 12 तथा हिंदी के 13 पदों पर भर्ती होगी। वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों में सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पद शामिल हैं।

भर्ती विज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर आवेदन करने की पात्रता केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थियों को होगी। विभिन्न पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, निर्धारित आयु सीमा तथा अन्य पात्रता संबंधी प्रावधान विस्तृत विज्ञापन के अनुसार लागू होंगे।

तीनों विद्युत कंपनियों में समान पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के समय संबंधित कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम निर्धारित करना होगा। नियुक्ति के लिए अंतिम चयन मेरिट, अभ्यर्थी द्वारा दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर किया जाएगा।

विद्युत कंपनी प्रबंधन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी इस दिन रात 11.55 बजे तक आवेदन प्रस्तुत करने के साथ निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने के लिए नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

कंपनी की ओर से जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन पूर्व में सात अगस्त 2026 को प्रकाशित लघु विज्ञापन तथा 14 सितंबर 2026 को जारी संशोधन के आधार पर तैयार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित