रायपुर , जून 19 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार रात सरकार और संगठन की बैठक शुरू हुई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिपरिषद के सदस्य तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सूत्रों के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल कर रहे हैं। बैठक में सरकार और संगठन के बीच समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही है।

बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गयी है। सरकार की ओर से भी इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है, हालांकि बैठक के बीच मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित