नारायणपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के बेनूर में सड़क, बिजली, पेयजल और राशन कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मंगलवार को बस स्टैंड चौक पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। इससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।

मंडल कांग्रेस समिति बेनूर के तत्वावधान में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से खराब सड़कों, बिजली और पेयजल की समस्याओं से जूझ रहे हैं। राशन कार्ड बनवाने और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं में आ रही दिक्कतों के कारण पात्र हितग्राहियों को भी परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि बस्तर सांसद महेश कश्यप, क्षेत्रीय विधायक एवं वन मंत्री केदार कश्यप तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों का इस मार्ग से नियमित आवागमन होता है, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित