रायगढ़ , जून 18 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक औद्योगिक क्षेत्र में बाउंड्रीवॉल ढहने से एक महिला मजदूर की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिराईपानी स्थित ओम रूपेश उद्योग और महालक्ष्मी उद्योग के बीच निर्मित बाउंड्रीवॉल अचानक गिर गयी। दीवार के समीप अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गये।
बताया गया कि शाम करीब छह बजे तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान दीवार भरभराकर गिर गयी और पास स्थित झोपड़ी पर जा गिरी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल रंभा यादव की मृत्यु हो गयी, जबकि दो अन्य घायल मजदूरों को उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूंजीपथरा थाना पुलिस बाउंड्रीवॉल गिरने के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित