कोण्डागांव , जून 13 -- खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले डीजल की कमी को लेकर शनिवार को छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में किसानों का आक्रोश देखने को मिला। उमरकोट (ओड़िशा)-कोण्डागांव मार्ग पर भगदेवा स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने सैकड़ों किसानों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया और पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप था कि पहले उन्हें 2000 रुपये, फिर 1000 रुपये और अब केवल 500 रुपये का डीजल दिया जा रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का कहना था कि हाल की बारिश के बाद खेतों की जुताई और अन्य कृषि गतिविधियों का समय शुरू हो गया है, लेकिन डीजल की कमी के कारण उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने प्रत्येक किसान को कम से कम 3000 रुपये मूल्य का डीजल उपलब्ध कराने की मांग की, जबकि कुछ किसानों ने यह सीमा 5000 रुपये तक बढ़ाने की मांग रखी। जनपद सदस्य जेठूराम पोयाम ने कहा कि खेती के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण समय है और इतनी कम मात्रा में डीजल मिलने से किसानों का काम नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर को खेत तक ले जाने में ही 500 रुपये का डीजल खर्च हो जाता है।
नेवता के संजय करण, किसान टीलाराम बघेल तथा माकड़ी ब्लॉक के दिनेश कुमार कश्यप सहित अन्य किसानों ने भी पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।
इस बीच, पेट्रोल पंप संचालक पुखराज बघेला ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार डब्बों में डीजल देना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद किसानों की सुविधा को देखते हुए 500 रुपये तक का डीजल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डिपो से पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिलने के कारण डीजल का स्टॉक प्रभावित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित