दुर्ग , नवंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय तक आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 11 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा कुल 5.10 किलोमीटर लंबाई की तीन सड़कों पर काम किया जा रहा है। इन कार्यों के पूरा होने से मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

जिला प्रशासन से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के पहुंच मार्गों की वर्तमान स्थिति और सड़कों की सीमित चौड़ाई के कारण विशेष रूप से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने सड़क संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने की पहल की है। निर्माण कार्य पूरे होने के बाद एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों की आवाजाही सुगम होने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में लगने वाले समय में कमी आने की उम्मीद है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर के भीतर 1.25 किलोमीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण 159.29 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। यह सड़क छात्रावासों के साथ आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों को आपस में जोड़ेगी। इस कार्य का अधिकांश हिस्सा पूरा हो चुका है और निर्माण अंतिम चरण में है।

इसी प्रकार मेडिकल कॉलेज भवन से जुनवानी-कोहका-कुरूद मुख्य मार्ग तक 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए 706.89 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। सड़क के उन्नयन से मेडिकल कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों के बीच यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

इसके अतिरिक्त ग्राम कुरूद से मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सा भवन तक सीधे संपर्क के लिए 1.35 किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण 277.09 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस मार्ग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित