सुकमा , अगस्त 19 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा में बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। नगर पंचायत कोंटा में यह अभ्यास सुबह 10.30 बजे होगा।जिला प्रशासन के अनुसार, मॉक ड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सुकमा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य बाढ़ जैसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा नागरिकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है।
कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन और एसडीएम सुभाष शुक्ला के मार्गदर्शन में होने वाला यह अभ्यास पूरी तरह पूर्व नियोजित होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभ्यास के दौरान सुरक्षा बलों और बचाव दलों की गतिविधियां मॉक ड्रिल का हिस्सा होंगी। इसलिए नागरिकों को घबराने या किसी तरह की आशंका करने की आवश्यकता नहीं है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मॉक ड्रिल के दौरान शांति और धैर्य बनाए रखने तथा किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने और अभ्यास को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित