रायपुर , जुलाई 26 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरबा जिले के एक किसान के खराब पड़े सोलर पंप की मरम्मत कर उसे दोबारा चालू कराया गया, जिससे सिंचाई कार्य सामान्य हो गया।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम अरसियां निवासी किसान राम के खेत में सौर सुजला योजना के तहत स्थापित सोलर पंप तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गया था। इससे सिंचाई प्रभावित होने पर किसान ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही क्रेडा के अधिकारियों ने तकनीकी दल को मौके पर भेजा। निरीक्षण के बाद आवश्यक मरम्मत कर सोलर पंप को पुनः चालू कर दिया गया। पंप के संचालन शुरू होने से खेतों में सिंचाई फिर से शुरू हो गई और कृषि कार्य सामान्य हो गया।
किसान राम ने समस्या के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और क्रेडा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत का शीघ्र निराकरण हुआ, जिससे उन्हें राहत मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित