चंडीगढ़ , अगस्त 21 -- वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक ने शुक्रवार को बताया कि पंजाब सरकार के वन्यजीव संरक्षण और जन-जागरूकता अभियान को मिल रहे सकारात्मक परिणामों के बीच महेंद्र चौधरी जूलॉजिकल पार्क (छत्तबीड़ चिड़ियाघर) में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।
श्री कटारूचक ने कहा कि इस वर्ष के पहले आठ महीनों में छत्तबीड़ चिड़ियाघर में कुल 3,71,011 पर्यटक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा वन्यजीवों के संरक्षण और उनके प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ने का संकेत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार लोगों को वन्यजीवों के संरक्षण और उनकी देखभाल के प्रति लगातार जागरूक कर रही है। चिड़ियाघर में लोगों की बढ़ती संख्या इस अभियान को मिल रहे सकारात्मक जनसमर्थन को दर्शाती है।
श्री कटारूचक के अनुसार जनवरी में छत्तबीड़ चिड़ियाघर में 48,719, फरवरी में 54,216, मार्च में 66,377, अप्रैल में 40,168, मई में 33,134, जून में 71,928, जुलाई में 35,980 और अगस्त में अबतक 20,489 पर्यटक पहुंचे। उन्होंने बताया कि वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए छत्तबीड़ चिड़ियाघर में कई महत्वपूर्ण पहल की गयी हैं। इनमें देश की सबसे बड़ी और सबसे लंबी वॉक-इन एवियरी प्रमुख आकर्षण बनकर उभरी है। इसके अलावा आगंतुकों के शैक्षणिक और मनोरंजन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एक आधुनिक डायनासोर पार्क भी स्थापित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित