मुंबई , नवंबर 07 -- छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और पारिवारिक भावनाओं पर आधारित भोजपुरी फिल्म 'हे छठी मईया हमार मनसा पुरइहऽ 2' का ट्रेलर दिवाली के अवसर पर एडवाइज भोजपुरी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में भक्ति, पारिवारिक रिश्तों और मनोरंजन की झलक देखने को मिल रही है।

तीन मिनट 12 सेकंड के ट्रेलर में छठ महापर्व की महिमा, धार्मिक आस्था और पारिवारिक मूल्यों को दर्शाया गया है। फिल्म में विक्रांत सिंह राजपूत और मणि भट्टाचार्य मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि यामिनी सिंह अतिथि भूमिका में दिखाई देंगी। इनके अलावा श्रद्धा नवल, प्रेम दुबे, भोपी सिंह, स्वीटी सिंह राजपूत और रूपा सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत ने कहा कि छठ महापर्व बिहार और पूर्वांचल के लोगों की आस्था से गहराई से जुड़ा है। इस फिल्म के माध्यम से दर्शकों को छठ पूजा की भावनाओं, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को पर्दे पर देखने का अवसर मिलेगा। इसे विशेष रूप से छठ महापर्व को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

फिल्म का निर्देशन अजित कुमार ने किया है, जबकि कहानी और लेखन प्राण नाथ ने किया है। इसके सह-निर्माता अथर्व नाहर और कार्यकारी निर्माता शिवम सिंह हैं। फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है और गीत प्यारे लाल यादव (कवि जी) ने लिखे हैं।

सह-निर्माता अथर्व नाहर ने कहा कि फिल्म बनाने का उद्देश्य छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाना है। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक फिल्म को पसंद करेंगे और इसके जरिए छठी मईया की भक्ति तथा पर्व की खूबसूरती को महसूस कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित