नयी दिल्ली , अगस्त 27 -- दिल्ली की विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह से मुलाकात की और उनसे आगामी छठ महापर्व-2026 की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
विश्व हिंदू परिषद के दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष एवं इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ फाउंडेशन के संरक्षक कपिल खन्ना के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष झा सहित विभिन लोगों ने श्री प्रवेश साहिब सिंह को छठ महापर्व को व्यवस्थित तरीके आयोजित कराने को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने छठ महापर्व के सफल, सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में विस्तृत सुझाव रखे हैं और विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को भी मंत्री के समक्ष रखा।
बैठक में विशेष रूप से छठ घाटों के निर्माण एवं मरम्मत, साफ-सफाई, जल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, संपर्क मार्गों की मरम्मत, जल निकासी, यमुना की सफाई, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, नाव एवं गोताखोरों की उपलब्धता तथा बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि छठ महापर्व से काफी पहले सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर घाट-वार व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं एवं व्रती माताओं-बहनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान श्री साहिब सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित