मुरादाबाद , नवंबर 10 -- भाई दूज एवं छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुरादाबाद मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने और बुकिंग कर्मचारियों की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा एवं सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। मंडल से होकर 84 त्योहार विशेष ट्रेनें गुजरेंगी, जबकि 12 ट्रेनों का संचालन यहीं से होगा। इसके अलावा 19 नियमित एवं विशेष ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए ये व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट काउंटर बनाए गए हैं। टिकट वितरण के लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए हैं, जबकि एटीवीएम मशीनों और मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली (एमयूटीएस) के जरिये भी टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सभी स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित हैं, जहां रेल संबंधी जानकारी के साथ रेलवन ऐप डाउनलोड करने और उसे चलाने में सहायता मिलेगी।

स्टेशन परिसरों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से यात्री यह ऐप डाउनलोड कर आरक्षित और अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य टिकट काउंटरों पर भीड़ घटाना और टिकट लेने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। उन्होंने बताया कि ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और प्लेटफॉर्म की जानकारी देने के लिए उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखा गया है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने के लिए रस्सों से बैरिकेडिंग की जाएगी। भीड़ नियंत्रण और मार्गदर्शन के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं तथा यात्रियों के विश्राम के लिए भी विशेष प्रबंध हैं। चिकित्सा सहायता के लिए प्रमुख स्टेशनों पर बूथ स्थापित किए जा रहे हैं, जहां आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार के लिए मेडिकल टीम मौजूद रहेगी।

सुरक्षा के लिहाज से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), आरपीएफ डॉग स्क्वायड, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई गई है। मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को भी प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया गया है, ताकि सुविधाओं और सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा सके। मंडल नियंत्रक कक्ष में 24 घंटे वार रूम संचालित है, जहां स्टेशन परिसरों और यात्रियों की गतिविधियों की निरंतर निगरानी हो रही है। मंडल रेल प्रबंधक स्वयं सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर रही हैं।

महेश यादव के अनुसार भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के लिए रैक तैयार रखे गए हैं। मंडल की ओर से जारी विवरण के मुताबिक 84 त्योहार विशेष ट्रेनें मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरेंगी और 12 ट्रेनों का संचालन मंडल से किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए 19 नियमित एवं त्योहार विशेष ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। इनमें तुगलकाबाद-दिल्ली (12035/36) की ट्रेन में चार वातानुकूलित कुर्सीयान कोच स्थायी रूप से जोड़े गए हैं, जबकि शेष ट्रेनों में यह सुविधा 10 नवंबर से 2 दिसंबर तक अलग-अलग निर्धारित अवधि के लिए रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित