गौतमबुद्धनगर , नवंबर 07 -- आगामी त्योहारों एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने जनपदवासियों से त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने शनिवार को कहा कि, छठ पूजा के अवसर पर विभिन्न घाटों, तालाबों, नदियों और अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने की संभावना रहती है। ऐसे में जल दुर्घटना, आगजनी, भगदड़ अथवा अन्य किसी आपातकालीन स्थिति से बचाव के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्व की खुशियों के बीच अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

प्राधिकरण की ओर से जारी एडवाइजरी में श्रद्धालुओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं सुरक्षित पूजा स्थलों और घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित तथा अधिक गहराई वाले जलाशयों में जाने से बचें। नदी, तालाब या अन्य जलाशयों में प्रवेश करते समय विशेष सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित सीमा से अधिक गहराई तक न जाएं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। अभिभावक बच्चों को जलाशयों के किनारे अकेला न छोड़ें और उनकी लगातार निगरानी करें।

भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने लोगों से पूजा स्थलों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करने तथा धक्का-मुक्की से बचने की अपील की है। कहा गया है कि किसी भी परिस्थिति में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा न होने दें और घाटों पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।

एडवाइजरी में आग और विद्युत सुरक्षा को भी प्रमुखता दी गई है। श्रद्धालुओं से दीपक, धूप, अगरबत्ती और अन्य ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने को कहा गया है। पूजा स्थलों के आसपास आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम रखने तथा विद्युत तारों, अस्थायी कनेक्शनों और सजावटी लाइटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। खुले या क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को छूने से भी मना किया गया है। इसके अलावा घाटों पर फिसलन, गंदगी और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित