नयी दिल्ली , नवंबर 10 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर छठ पूजा की तैयारियों और प्रदूषण नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि विपक्षी दलों को 14 से 16 नवंबर तक विरोध प्रदर्शन नहीं करने की सलाह देने के बजाय उसे छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्लीवासी दिवाली से ही जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं और यमुना का पानी भी प्रदूषित बना हुआ है। केंद्र में 12 वर्ष और दिल्ली में दो वर्ष के भाजपा शासन के बावजूद यमुना की सफाई नहीं हो पायी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में छठ घाटों की तैयारी पहले से होती थी और स्वच्छ पानी के लिए हरियाणा सरकार से समय रहते संपर्क किया जाता था।
उन्होंने कहा कि मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का निर्माण पर्याप्त नहीं है। सरकार प्रत्येक घाट पर स्वच्छ पानी, चेंजिंग रूम, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा वैन, सुरक्षा, सीसीटीवी और चौबीस घंटे सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था नहीं हुई तो कांग्रेस सरकार की विफलताओं के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित