यमुनानगर , नवंबर 10 -- हरियाणा में छठ पूजा के मद्देनजर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी ने पश्चिमी यमुना नहर के घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया है। मेयर सुमन बहमनी और निगमायुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर निगम के करीब 100 कर्मचारी घाटों की सफाई और व्यवस्था सुधारने में जुटे हैं।
निगमायुक्त महाबीर प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि छठ पूजा को देखते हुए नगर निगम की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा के दौरान कचरा इधर-उधर न फेंकें और केवल कूड़ेदान में ही डालें। पूजा सामग्री, फूल-मालाएं और मूर्तियां नहर में प्रवाहित न करें, ताकि जल प्रदूषित न हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि अर्घ्य देते समय नहर में अधिक गहराई तक न जाएं और भीड़ को नियंत्रित रखने में सहयोग करें। सभी के सामूहिक प्रयासों से छठ पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
जेसीबी, अर्थ मूविंग मशीन, लोडर सहित आधुनिक मशीनरी की मदद से नहर किनारे उबड़-खाबड़ जगहों को समतल कर श्रद्धालुओं के लिए घाट तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल और गोविंद शर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम ने पश्चिमी यमुना नहर के चिट्टा मंदिर घाट, यमुना विहार कॉलोनी घाट, यमुना गली घाट, बाड़ी माजरा घाट, पुराना हमीदा घाट सहित विभिन्न घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान घाटों के आसपास जमा गंदगी और कूड़े के ढेर हटाए गए। नहर किनारे बने गड्ढों में मिट्टी का भराव कर उन्हें समतल किया गया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित