पटना , नवंबर 03 -- पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिले के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और छठव्रतियों की सुविधा से जुड़ी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

श्री कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कहा कि अब तक चिह्नित सभी खतरनाक घाटों पर तत्काल बैरिकेडिंग कराई जाए और उन्हें स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाए, जिससे श्रद्धालु वहां जाने से बचें। उन्होंने उपयुक्त घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत में तेजी लाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा जरूरत के अनुसार वैकल्पिक घाटों का निर्माण कराने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने घाटों पर सीढ़ियों, कपड़े बदलने के लिए निर्धारित स्थान, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त संख्या में वाचटावर बनाने को कहा। प्रमुख घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विशेष सतर्कता बरती जाए और इस वर्ष घाटों पर व्यवस्थाएं पहले से बेहतर हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित