पटना , अक्टूबर 29 -- पटना जिला प्रशासन ने छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घाटों का निरीक्षण शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर घाटों को समूहों में विभाजित कर सेक्टर पदाधिकारियों, सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों और सहयोगी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को चार नवंबर तक निरीक्षण प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का विस्तृत निरीक्षण करने और उनकी उपयुक्तता के आधार पर पहचान सुनिश्चित करने को कहा है। निरीक्षण के दौरान उपयुक्त, अनुपयुक्त और खतरनाक घाटों को चिह्नित किया जाएगा। इसके साथ ही नए घाटों के उपयोग की संभावना का आकलन कर वहां आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की उपलब्धता का भी जायजा लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित