गोपालगंज,10(वार्ता)लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला पदाधिकारी (डीएम) समीर सौरभ ने गोपालगंज शहर के वीएम फील्ड, हजियापुर एवं हजियापुर ब्लॉक छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये।

जिलापदाधिकारी ने निर्देश दिये कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें।

छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के कुल 380 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रमुख छठ घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद गोपालगंज, नगर परिषद अध्यक्ष हरेंद्र चौधरी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने तथा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित