पटना , अक्टूबर 27 -- दक्षिण- पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र आने वाले 24 घंटों में एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, यह प्रणाली फिलहाल पोर्ट ब्लेयर से करीब 600 किलोमीटर पश्चिम और चेन्नई से लगभग 800 किलोमीटर दक्षिण- पूर्व में स्थित है।

पूर्वानुमान है कि 28 अक्टूबर की सुबह तक यह गहरा दबाव गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जायेगा और देर शाम तक आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों से टकरा सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके चलते अरब सागर के तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठेंगी और समुद्री गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि इस चक्रवाती प्रणाली और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से छठ महापर्व के बाद बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। 28 अक्टूबर से उत्तर- पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 29 अक्टूबर से पूरे बिहार में तूफान का असर दिखने लगेगा।

30 और 31 अक्टूबर को उत्तर और पूर्वी बिहार के एक- दो इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही तेज और ठंडी उत्तर- पश्चिमी हवायें चलने लगेंगी, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। न्यूनतम तापमान फिलहाल स्थिर रहेगा पर 29 से 31 अक्टूबर के बीच गिरावट शुरू होगी, जिससे हल्की ठंड का एहसास बढ़ जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित