राजनांदगांव , जनवरी 27 -- छत्तीसगढ में राजनांदगांव जिले के घुमका गांव के चौरसिया बाड़ी के पास मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से एक लाख 85 हजार रुपये नकद तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती की राशि लगभग सवा दो लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी विजय मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। दबिश के दौरान मौके से जुआ खेलते हुए आठ लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुकेश तिवारी, मनोज बघेल, शैलेन्द्र वर्मा, प्रमोद वर्मा, राकेश वर्मा, देवा वर्मा, फागूराम यादव और खेमचंद वर्मा हैं। सभी आरोपी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित