चंडीगढ़ , जून 19 -- हरियाणा में सिरसा लोक सभा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी के वादे पर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने के बड़े दावे करने वाली सरकार बताये कि यह वादा आखिर कहां गया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा समेत कई राज्यों में मक्का उत्पादक किसान अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। 2410 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी घोषित होने के बावजूद कई मंडियों में मक्का करीब 1300 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है, जिससे किसानों को प्रति क्विंटल एक हजार रुपये से अधिक का नुकसान हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत करता है, मौसम की मार और बढ़ती लागत का सामना करता है, लेकिन फसल बेचते समय उसे उचित मूल्य नहीं मिल पाता। यदि सरकार एमएसपी घोषित करती है, तो उस मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करना भी उसकी जिम्मेदारी है।

कुमारी सैलजा ने केंद्र और राज्य सरकार से मक्का सहित सभी एमएसपी घोषित फसलों की प्रभावी सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों और सम्मानजनक आय के लिए आवाज उठाती रहेगी।

इस अवसर पर कुमारी सैलजा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं और उनके सामाजिक न्याय, समानता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित