जयपुर , फरवरी 11 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने राजस्थान विधानसभा में उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के सर्वांगीण, संतुलित और सर्वसमावेशी विकास का रोडमैप बताया है।

श्री चौधरी ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला, उद्यमी और मध्यम वर्ग सहित समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है।

उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र अजमेर को इस बजट में ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं जो क्षेत्र के आधारभूत ढांचे, पर्यटन, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास को नई गति देंगी। अजमेर-पुष्कर बड़ी घाटी सड़क निर्माण, पुष्कर घाटी मार्ग का चौड़ीकरण, विजयनगर से केकड़ी तक सड़क, पाटन से किशनगढ़ वाया तिलोनिया-हरमाड़ा-भोजियावास सड़क सहित अनेक सड़क परियोजनाओं से क्षेत्र का संपर्क सुदृढ़ होगा। राज्य राजमार्गों के उन्नयन और विभिन्न पुलिया निर्माण कार्यों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि अजमेर शहर में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज सिस्टम के विकास, स्मार्ट पार्किंग के निर्माण, पर्यटकों के लिए सुविधा केंद्र, पुष्कर में हेरिटेज वॉक-वे, तारागढ़ दुर्ग एवं सरवाड़ किले के संरक्षण और एमडीएस विश्वविद्यालय में महर्षि दयानंद सरस्वती पेनोरमा जैसी घोषणाएं पर्यटन और शहरी सौंदर्यीकरण को नई पहचान देंगी। पुष्कर के मुख्य प्रवेश मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने और "ऑक्सीजन" मॉडल उद्यान की स्थापना से शहर की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह बजट केवल विकास योजनाओं की घोषणा नहीं बल्कि विकसित राजस्थान की ठोस आधारशिला है। ग्रामीण विकास, कृषि और पशुपालन को प्राथमिकता देते हुए औद्योगिक विस्तार, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण और पर्यटन संवर्धन के माध्यम से अजमेर सहित पूरे प्रदेश को नई दिशा देने का संकल्प इस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित