रायगढ़ , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज रायगढ़ में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल पंजीयन कार्यालय का उद्घाटन किया वहीं जूटमिल थाना के नवीन भवन को भी जनता को समर्पित किया।
वित्त मंत्री ने मॉडल पंजीयन कार्यालय के लोकार्पण अवसर पर इसे प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा और सकारात्मक बदलाव बताते हुए "क्रांतिकारी बदलाव" करार दिया। उन्होंने कहा कि अब नियुक्ति , केवाईसी, रजिस्ट्री और ऑटो म्यूटेशन जैसी सभी सेवाएं पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होंगी। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के तहत सभी अपडेट सीधे हितग्राही के मोबाइल पर उपलब्ध होंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक बनेगी। यह पहल रायपुर से शुरू की गई है और पहले चरण में प्रदेश के 10 स्थानों पर ऐसे मॉडल कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं। आगामी एक वर्ष के भीतर पूरे छत्तीसगढ़ में इस प्रणाली को लागू करने का लक्ष्य है।
श्री चौधरी ने इसके बाद जूटमिल थाना के नए भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पहले थाना भवन जर्जर स्थिति में था, जिसे अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। नए भवन से पुलिस प्रशासन को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम जनता को भी अधिक सुगम व प्रभावी सेवाएं प्राप्त होंगी।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ में अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़े कार्य उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में शहर को और भी बड़ी विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित