अजमेर , जुलाई 12 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र की ग्राम पंचायत खातौली के टोंकडा में लगभग 7.90 करोड़ की लागत से निर्मित तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

श्री चौधरी ने मेगा हाईवे से टोंकडा तक दो किलोमीटर लंबाई एवं सात मीटर चौड़ाई की सीसी सड़क (स्वीकृत राशि 317.48 लाख), श्रीराम कांटा से जाटों की ढाणी तक 2 किलोमीटर लंबाई एवं सात मीटर चौड़ाई की सीसी सड़क (स्वीकृत राशि 320.79 लाख) तथा न्यू डम्पिंग यार्ड से काली डूंगरी तक 900 मीटर लंबाई एवं सात मीटर चौड़ाई के मिसिंग लिंक सड़क निर्माण कार्य (स्वीकृत राशि 152.39 लाख) का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन आधुनिक सड़कों के निर्माण से किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों एवं आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। गांवों का मेगा हाईवे से बेहतर संपर्क स्थापित होने के साथ ही क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन सरकार देश, प्रदेश और अजमेर संसदीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनकल्याण के लिए निरंतर ऐतिहासिक कार्य कर रही है। राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और प्रत्येक क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित