अजमेर , अक्टूबर 25 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने रविवार को अजमेर जिले के किशनगढ़ स्थित अपने निवास कार्यालय पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 139वें संस्करण को सुना।
इस अवसर पर श्री मोदी ने आगामी दीपावली सहित त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए देशवासियों से 'वोकल फॉर लोकल' के मंत्र को अपनाने तथा स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने स्थानीय हस्तशिल्प कलाकारों और कारीगरों की प्रतिभा, मेहनत एवं रचनात्मकता का उल्लेख करते हुए उनके द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
प्रधानमंत्री ने संदेश दिया कि स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं को अपनाकर देश के कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी आगे बढ़ाता है। 'लोकल फॉर लोकल' से आगे बढ़कर स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम देशवासियों को जनभागीदारी, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ने का माध्यम है। त्योहारों के अवसर पर स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों, छोटे व्यापारियों और स्वदेशी उत्पादकों से खरीदारी करना उनके परिश्रम का सम्मान करने के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में सार्थक कदम है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली एवं अन्य त्योहारों पर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और अपने आसपास के कारीगरों, छोटे व्यवसायियों तथा स्वदेशी उत्पादकों को प्रोत्साहित करें ताकि स्थानीय हुनर को नई पहचान मिले और 'लोकल से ग्लोबल' का संकल्प साकार हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित