अजमेर , मई 16 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने शनिवार को अजमेर जंक्शन रेलवे स्टेशन से अजमेर-मुंबई एवं अजमेर-दौंड के लिए शुरू की गई नई साप्ताहिक ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, मीडिया प्रतिनिधि और आमजन थे। कार्यक्रम में श्री चौधरी ने नई ट्रेनों के लोको पायलटों का माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। उन्होंने रेल कर्मचारियों और यात्रियों को नई यात्रा और नई रेल सेवाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सौगात अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी।

उन्होंने यात्रियों से संवाद करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की ओर से अजमेर से मुंबई एवं महाराष्ट्र क्षेत्र के लिए नई रेल सेवाओं की मांग की जा रही थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। देशभर में रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, नई ट्रेनों का संचालन, रेलवे लाइन का विद्युतीकरण, स्वच्छता और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि अजमेर से प्रारंभ हुई ये नई रेल सेवाएं यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कामगारों और पर्यटकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होंगी तथा राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को और अधिक मजबूत करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित