अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर में पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को भवानी तोप स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए एस.आर. यादव ने बताया कि इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, किसानों एवं युवाओं ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके पुष्प अर्पित किए और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने देश के किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया और उनके हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए।
किसान नेता एस.आर. यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचार अब भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने हमेशा किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनके द्वारा किए गए कार्यों को देश कभी नहीं भूल सकता।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि देश और समाज के विकास में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और चौधरी चरण सिंह ने किसानों के सम्मान और अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित